एक महिला मजदूर के साथ रात में सोए अवस्था में सामूहिक दुष्कर्म
जहानाबाद / मखदुमपुर थाना क्षेत्र के सागरपुर गांव में पंचायत भवन निर्माण कार्य में लगी एक महिला मजदूर के साथ रात में सोए अवस्था में सामूहिक दुष्कर्म किया गया है। इस मामले में महिला मजदूर ने मखदुमपुर थाने में केस दर्ज कराया है।
जानकारी के अनुसार, सागरपुर गांव में पंचायत भवन निर्माण का काम चल रहा है। जिसमें कई मजदूर मजदूरी कर रहे हैं। उसी में काम कर रही एक महिला के साथ उनके ही साथ काम कर रहे कुछ मजदूरों ने सामूहिक दुष्कर्म किया है।
महिला ने बताया कि रात में अपने टेंट में सोयी थी, तभी साथ में ही काम कर रहे रंजय राय, मनोज कुमार, गुड्डू राय एवं अनिल यादव उसके टेंट में अचानक घुस गये और उसके साथ जोर-जबरदस्ती करने लगे।
महिला ने यह भी बताया कि जब उसने इसका विरोध किया, तो अनिल यादव ने अपने हाथ से उसका मुंह बंद कर दिया और बारी-बारी कर सभी ने उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया।
घटना की सूचना मिलते ही घटनास्थल पर एसपी अरविंद प्रताप सिंह, एसडीपीओ 2 संजीव कुमार, मखदुमपुर थानाध्यक्ष ओमप्रकाश सहित सभी पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया।
एसपी ने बताया कि पुलिस ने सभी नामजद आरोपियों को हिरासत में ले लिया है और उनको मेडिकल जांच के लिए भेजा है। सभी की मेडिकल टेस्ट के बाद आगे की कार्रवाई की जायेगी।
बताते चलें कि सागरपुर हाइस्कूल के समीप पंचायत सरकार भवन का निर्माण हो रहा है, जिसमें मजदूरी करने के लिए पटना के पुरुष और महिला मजदूर आये हुए हैं और टेंट लगाकर निर्माण स्थल पर ही रहते हैं।