कर्पूरी जयंती को ऐतिहासिक बनाने की तैयारी दुर्गीपट्टी में जदयू कार्यकर्ताओं की बैठक
मधुबनी/खुटौना प्रखंड के आगामी 24 जनवरी को जननायक भारत रत्न कर्पूरी ठाकुर की 101वीं जयंती को ऐतिहासिक बनाने के लिए तैयारियां जोरों पर हैं। इस सिलसिले में दुर्गीपट्टी स्थित दुर्गा मंदिर परिसर में जदयू कार्यकर्ताओं की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता पार्टी के वरिष्ठ नेता महानारायण ने की।
बैठक में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने भाग लिया और कार्यक्रम की सफलता के लिए रणनीतियां बनाई। वक्ताओं ने कर्पूरी ठाकुर के संघर्ष और समाज सुधार के लिए किए गए उनके योगदान को याद करते हुए कहा कि उनकी विचारधारा आज भी समाज को नई दिशा देने का कार्य कर रही है।
बैठक में निर्णय लिया गया कि 24 जनवरी को आयोजित कार्यक्रम को भव्य और ऐतिहासिक बनाने के लिए सभी कार्यकर्ता सक्रिय रूप से योगदान देंगे। साथ ही समाज के विभिन्न वर्गों को जोड़ने और कर्पूरी ठाकुर के आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए जागरूकता अभियान चलाए जाएंगे।
कार्यक्रम की सफलता के लिए कार्यकर्ताओं को विभिन्न जिम्मेदारियां सौंपी गईं। बैठक में प्रखंड के वरिष्ठ कार्यकर्ता और ग्रामीणों की भी विशेष उपस्थिति रही। प्रमुख रूप से समाजसेवी फिरोज यादव, प्रखंड अध्यक्ष देवदत्त साह, बाबूबरही प्रखंड अध्यक्ष बलराज सहनी, मुखिया उमेश दास, विनोद कुमार, रामकुमार, अशोक कापर, जोखन पासवान, राकेश मंडल और अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।
बैठक के दौरान सभी ने संकल्प लिया कि कर्पूरी जयंती को न केवल ऐतिहासिक बनाएंगे, बल्कि उनके आदर्शों और विचारों को समाज के हर वर्ग तक पहुंचाएंगे।