स्वास्थ्य विभाग की समीक्षात्मक बैठक : D M ।। 2 .समाहरणालय में साप्ताहिक समीक्षा बैठक : D M
News डेस्क
मधुबनी / अमित कुमार जिला पदाधिकारी सह अध्यक्ष, जिला स्वास्थ्य समिति, मधुबनी की अध्यक्षता में स्वास्थ्य विभाग की समीक्षात्मक बैठक समाहरणालय स्थित सभाकक्ष में आहूत हुई।
बताते चलें कि सरकार द्वारा जिले में चलाए जा रहे विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं के सफल क्रियान्वयन हेतु आयोजित इस बैठक में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के साथ साथ बाल विकास परियोजना के अधिकारीगण भी शामिल हुए।
उक्त बैठक में स्वास्थ्य विभाग से संबंधित विभिन्न मुद्दे जैसे हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर, प्राथिमक स्वास्थ्य केंद्र, अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर चिकित्सकों व अन्य स्वास्थ्य कर्मियों की उपलब्धता, जिले में गैर संचारी रोगों के रोकथाम के लिए उठाए गए कदम, प्रसव पूर्व जांच, संस्थागत प्रसव, चाइल्ड केयर, एंबुलेंस की कार्यप्रणाली, नियमित टीकाकरण, कोरोना से प्रतिरक्षण हेतु टीकाकरण, ओ पी डी, अस्पताल में भर्ती किए गए मरीजों की देखभाल आदि शामिल थे।
जिलाधिकारी ने जिले में स्वास्थ्य सेवाओं के बेहतर क्रियान्वयन के दृष्टिकोण से कई निर्देश भी दिए। उन्होंने सभी हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर पर प्रतिनियुक्ति चिकित्सकों एवं अन्य चिकित्सा कर्मियों की उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कहा कि ऐसी प्रतिनियुक्ति के समय इस बात का ध्यान रखा जाए कि आवश्यकता अनुसार सभी चिकत्सकों की ड्यूटी समान रूप से लगाई जाए और इसमें लगातार कई घंटो की सेवा से उनकी कार्यक्षमता प्रभावित न हों। चिकित्सकों के आगमन के दिन और समय की जानकारी आस पास के क्षेत्र के लोगों को भी दी जाए। उन्होंने निर्देश दिया कि संबंधित प्रखंड के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी समय समय पर इनका अनुश्रवण करें और विजिट बुक पर भी हस्ताक्षर अंकित करें। रात्रि ड्यूटी पर उपस्थिति का भी औचक निरीक्षण किया जाए।
उन्होंने डेटा वैलीडेशन कमिटी द्वारा स्वास्थ्य विभाग के ऑनलाइन डेटा अपडेट करने की संपूर्ण प्रक्रिया में पारदर्शिता अपनाए जाने के भी निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि ऑनलाइन अपलोड किया हुआ डेटा जिले में कार्य प्रणाली का आईना होता है। इसकी परिशुद्धता का पूरा पूरा खयाल रखा जाना चाहिए। उन्होंने निर्देश दिया है कि रिपोर्ट अपलोड होने से पहले सभी प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी इसकी जांच कर हस्ताक्षरित करें।
बैठक में आशा और आंगनवाड़ी सेविकाओं के लंबित भुगतान के मुद्दे पर भी जिलाधिकारी गंभीर दिखे। उन्होंने सभी तकनीकी खामियों को शीघ्र दूर कर अविलंब भुगतान के निर्देश दिए हैं।
जिलाधिकारी ने आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत सरकारी अस्पतालों को बेहतर भूमिका निभाने का दिशाबोध कराया ताकि केंद्र सरकार द्वारा आयुष्मान भारत योजना के अधीन प्रायोजित योजनाओं का लाभ भी इन अस्पतालों को हासिल हो सके।उन्होंने आम लोगों में सभी सरकारी अस्पतालों के अंतर्गत आयुष्मान भारत योजना से जुड़ी विभिन्न योजनाओं की जानकारी प्रदान करने हेतु प्रचार प्रसार करने के भी निर्देश दिए हैं।
उन्होंने स्पष्ट किया कि जो भी स्वास्थ्य कर्मी मरीजों को प्रसव कार्यों के लिए सरकारी अस्पतालों के बजाय निजी अस्पतालों में जाने हेतु निर्देशित करने का कार्य करेंगे, उन्हें चिन्हित कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
उक्त बैठक में श्री सुनील कुमार झा, सिविल सर्जन, मधुबनी, श्री आर. के. सिंह, अवर मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी, मधुबनी, श्रीमती शोभा सिन्हा, जिला प्रोग्राम पदाधिकारी, आई सी डी एस, श्री आदर्श, एस एम ओ, डब्लू एच ओ, श्री प्रभात ठाकुर, डी पी ओ, जपायको, श्री महेंद्र सिंह सोलंकी, जिला समन्वयक, केयर इंडिया, श्री प्रमोद कुमार झा, एस एम सी, यूनिसेफ सहित जिले के सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी, प्रखंड स्वास्थ्य प्रबंधक एवं सीडीपीओ शामिल थे।
2 .समाहरणालय में साप्ताहिक समीक्षा बैठक ‘D M
मधुबनी / अमित कुमार जिला पदाधिकारी, मधुबनी की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित सभाकक्ष में जिले के सभी विभागों के कार्यों की समीक्षा बैठक का आयोजन हुआ।
इस दौरान जिलाधिकारी द्वारा कई महत्वपूर्ण विषयों जैसे नीलम पत्र, लंबित याचिकाओं सहित विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई।
उन्होंने 14 से 16 मार्च तक आयोजित होने वाले वार्षिक खेल प्रतियोगिता के सफल आयोजन हेतु नगर भवन, मधुबनी के मरम्मती कार्य के लिए आवश्यक निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त सहारा इंडिया बैंक द्वारा उपयुक्त खाताधारकों को समय पर राशि न लौटने के मामले पर भी संज्ञान लिया गया। सामाजिक सुरक्षा पेंशन के लिए मृत अथवा अयोग्य लाभुकों की शीघ्र पहचान कर शेष को भुगतान करने के निर्देश दिए गए। सीमा क्षेत्र के अंतर्गत 100 नए आंगनवाड़ी केंद्रों की स्थापना के लिए भूमि चिन्हित कर प्रतिवेदित करने के निर्देश भी जारी किए गए हैं। जिलाधिकारी द्वारा थाना दिवस पर प्रतिपादित मामलों के बारे में भी जानकारी ली गई।
जिलाधिकारी द्वारा स्पष्ट किया गया कि प्रखंड विकास पदाधिकारी कन्या विवाह योजना के निष्पादन में तेजी लाएं। उन्होंने कहा कि अपेक्षा अनुरूप कार्य न करने वाले अधिकारियों पर ऋणात्मक रिमार्क से गुजरना होगा।
मौके पर श्री अवधेश राम, अपर समाहर्ता, मधुबनी, श्री सुरेन्द्र राय, विशेष कार्य पदाधिकारी, जिला गोपनीय शाखा, मधुबनी, श्री शैलेंद्र कुमार, जिला पंचायती राज सह सूचना एवं जनसंपर्क, पदाधिकारी सहित जिले के सभी विभागों के वरीय पदाधिकारी उपस्थित थे।

